रिपोर्टर,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,,, बलरामपुर
राजपुर. नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्या का समय पर निराकरण नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया कि उनका निवास वार्ड क्रमांक 07 में अंबिकापुर–रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के किनारे स्थित है, जहां नाली निर्माण का मलबा पिछले चार माह से पड़ा हुआ था। इसके कारण उनके परिवार सहित स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पंचायत कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को भी इसी मार्ग से गुजरने में कठिनाई हो रही थी।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 30 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो मलबा हटाया गया और न ही शिकायत का संतोषजनक निराकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बलरामपुर कलेक्टर को पूरी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर के संज्ञान में मामला आने के बाद संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर अधूरे नाली निर्माण के दौरान पड़े मलबे को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने कहा कि समस्या के समाधान की दिशा में त्वरित पहल होने पर उन्होंने बलरामपुर कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को स्थायी रूप से राहत मिल सके।




