Explore

Search

July 18, 2026 2:17 am

लेटेस्ट न्यूज़

हैंडपंप विवाद में उपसरपंच और उसके भाई ने पंचायत सचिव को पीटा, अस्पताल में भर्ती

सरगुजा. जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्नी पुलिस चौकी के ग्राम कराई में शासकीय हैंडपंप को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि गांव के उपसरपंच और उसके भाई ने पंचायत सचिव की लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, ग्राम कराई में स्थित शासकीय हैंडपंप में गांव के उपसरपंच धर्म सिंह और उनके भाई बहादुर सिंह द्वारा कथित तौर पर करीब तीन महीने से बोर लगाकर खेती के लिए पानी का उपयोग किया जा रहा था. इस दौरान हैंडपंप से पानी निकलना बंद हो गया.
शुक्रवार, 17 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे पंचायत सचिव शिवनारायण सिंह ने हैंडपंप से पानी नहीं निकलने और उसकी मरम्मत कराने की बात कही. इसी बात को लेकर उपसरपंच धर्म सिंह और उसके भाई बहादुर सिंह से उनका विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने कथित तौर पर पंचायत सचिव के साथ मारपीट शुरू कर दी.
पंचायत सचिव ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचे. इसके बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि मारपीट में पंचायत सचिव शिवनारायण सिंह के एक हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं. परिजनों के अनुसार, उनका हाथ टूट गया है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. मामले में पुलिस कार्रवाई और शिकायत के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर