Explore

Search

November 12, 2026 6:34 pm

लेटेस्ट न्यूज़

कबरा कान हाथी पर नकेल : 15 मौतों के बाद रेडियो कॉलर लगाने का आदेश

अंबिकापुर। पिछले छह महीनों में 15 लोगों को कुचलकर मार चुके कबरा कान हाथी पर वन विभाग ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने हाथी को ट्रैंक्विलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है। अब इस खूंखार हाथी की हर गतिविधि पर सैटेलाइट के जरिए लगातार नजर रखी जाएगी।

सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा वनमंडल में कबरा कान हाथी का आतंक पिछले कई महीनों से जारी है। मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि विभाग को यह कठोर कदम उठाना पड़ा। हाथी को रेडियो कॉलर लगाने के लिए विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की टीम बुलाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कुमकी हाथियों की मदद भी ली जा सकती है।

अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। कॉलर लगने के बाद हाथी की लोकेशन और मूवमेंट पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। हर 15 दिन में शासन को विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपनी होगी।

आज सुबह कबरा कान हाथी सूरजपुर जिले से सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र के जंगल में पहुंच गया है। वन विभाग की टीम आज से ही ट्रैंक्विलाइजेशन और रेडियो कॉलर लगाने का अभियान शुरू करने जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से न केवल हाथी की आवाजाही पर सटीक नियंत्रण संभव होगा, बल्कि इलाके में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर