Explore

Search

September 29, 2026 4:33 am

लेटेस्ट न्यूज़

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग, कांग्रेस ने फूंका पुतला ; कलेक्टोरेट का घेराव

सरगुजा. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग एवं उनके कार्यकाल में चुनाव आयोग में हुए निर्णयों के समीक्षा की मांग को लेकर आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के द्वारा जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पुतला दहन, विरोध प्रदर्शन एवं कलेक्टोरेट का घेराव किया गया। एक प्रमुख समाचार पत्र के इस खुलासे के बाद कि संवैधानिक व्यवस्था के विरुद्ध मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने समकक्ष चुनाव आयुक्तों के साथ परस्पर सहमति अथवा बहुमत से निर्णय लेने के बजाय अकेले मनमानी पूर्ण ढंग से निर्णय ले रहे हैं एवं उन निर्णयों पर अमल करा रहे हैं। इनमें पूरे देश में हुए एस0 आई0 आर0 के निर्णय के साथ ही साथ मतदाता सूचि में नवीन मतदाता का नाम जोडने वाले फार्म 6 में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर बदलाव करने का भी है। इन निर्णयों के फलस्वरुप केवल एस0आई0आर0 के माध्यम से देश के 13 करोड मतदाताओं का नाम मतदाता सूचि से विलोपित कर दिया है। फार्म 6 में लाये गये प्रावधानों के कारण नये युवा मतदाताओं को मतदाता सूचि में नाम जुडवाने में भारी दिक्कतों का सामाना करना पडेगा।

समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार ऐसे एकतरफा निर्णयों के खिलाफ दो अन्य चुनाव आयुक्तों ने 14 डिसेन्ट नोट देने के साथ ही केबिनेट सचिव को भी पत्र लिखा था। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयुक्तों के द्वारा केबिनेट सेक्रेटरी को लिखा पत्र यह बतलाता है कि चुनाव आयोग में जो कुछ भी हो रहा था वो सरकार के संज्ञान में आ गया था। किंतु इसे रोकने के लिये मोदी सरकार ने कोई पहल नहीं की जो दर्शाता है कि यह सब सरकार की सहमति से हो रहा था एवं ज्ञानेश कुमार को मोदी सरकार का संरक्षण प्राप्त था। इसका उद्देश्य देश में ऐसी मतदाता सूचि को तैयार करना था जो कि भाजपा को चुनावी सफलता दिलाये।

इस घटना के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन से रैली निकाल सर्वप्रथम घडी चौक पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुतला दहन के उपरांत विरोध प्रदर्शन कर कलेक्टोरेट का घेराव किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी विगत 3 वर्षो से चुनाव आयोग और इसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे। वो लगातार कह रहे थे कि इस सरकार के अलोकतांत्रिक निर्णयों के बावजूद सरकार के विरुद्ध एंटी इन्कंबेंसी नहीं आ रही है और यह सरकार और भाजपा लगातार जीत रही है। अब यह साबित हो गया है कि इस जीत के मूल में मोदी सरकार और चुनाव आयोग का नापाक गठबंधन कार्य कर रहा है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि अकेले राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ही पिछले कई वर्षो से वोट चोरी की बात कह रही थी उसे अब मीडिया के साथ ही आमजनता भी मान रही है। लोकसभा चुनाव के बाद राज्यों के चुनावों में भाजपा की संदेहास्पद जीत सवाल खडे कर रही थी, लेकिन मीडिया के खुलासे ने यह पुष्टी कर दी कि भाजपा ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर वोट और चुनाव की चोरी कर रही थी।

शहीद भगत सिंह को माल्यार्पण उपरांत प्रदर्शन

शहीदे आजम भगत सिंह की 119 वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में उन्हें माल्यार्पण कर एवं पुष्पांजली अर्पित कर जिला कांग्रेस ने आज के विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की। माल्यार्पण के उपरांत आम आदमी पार्टी के तीन कार्यकर्ता मोहर लाल सिंह, मूलदेव एक्का एवं रामचंद्र ठाकुर को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, राज्य बीस सूत्रिय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल एवं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने माला एवं पार्टी की पट्टीका पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलायी। इसके उपरांत विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से रैली के रुप में प्रारंभ हुआ। विरोध प्रदर्शन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौपा गया है, जिसमें ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी सहित उनके निर्णयों के समीक्षा की मांग की गई है। इस प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ जिला कांग्रेस कार्याकारणी सदस्य, सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारणी के सदस्य, कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठन एवं प्रकोष्ठ के प्रमुख एवं उनके कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष से लेकर बूथ कमेटी के प्रभारी भी मौजूद रहे।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर