Explore

Search

September 27, 2026 4:57 am

लेटेस्ट न्यूज़

कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर विवाद, रोमन कैथोलिक समुदाय ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

अंबिकापुर. शहर के मुक्तिपारा-फुन्दुरडीहारी स्थित रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान में 17 सितंबर को एक मृत व्यक्ति का शव दफनाए जाने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मामले को लेकर रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय ने कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार को आवेदन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, विवादित कार्रवाई पर रोक लगाने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
समुदाय की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि मुक्तिपारा-फुन्दुरडीहारी स्थित उक्त कब्रिस्तान का उपयोग रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय द्वारा लगभग 70 वर्षों से मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए किया जाता रहा है। आवेदन में नजूल भूमि के खसरा क्रमांक 120/1 में से 3.30 एकड़ भूमि को कब्रिस्तान के रूप में दर्ज किए जाने तथा वर्ष 2020 में नजूल अभिलेखों में इससे संबंधित प्रविष्टि किए जाने का उल्लेख किया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि कब्रिस्तान की भूमि को लेकर पूर्व में प्रशासनिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया भी चल चुकी है। समुदाय के अनुसार अपर कलेक्टर अंबिकापुर द्वारा 8 जुलाई 2026 को पारित आदेश के आधार पर 23 जुलाई 2026 को नजूल अभिलेखों में दर्ज रोमन कैथोलिक ईसाई कब्रिस्तान की प्रविष्टि विलोपित करने की कार्रवाई की गई। इस आदेश के विरुद्ध अपील प्रस्तुत किए जाने और मामला विचाराधीन होने की बात भी आवेदन में कही गई है।

17 सितंबर को शव दफनाने को लेकर बढ़ा विवाद…
समुदाय द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को नायब तहसीलदार अंबिकापुर जयेश कंवर की मौजूदगी में लगभग 50-60 लोगों के साथ एक मृत व्यक्ति का शव लेकर कब्रिस्तान पहुंचा गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कब्रिस्तान के गेट का ताला खुलवाकर शव दफनाने की कार्रवाई की गई। इससे रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय के लोगों में नाराजगी एवं असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हुई।
समुदाय का कहना है कि कब्रिस्तान को बाउंड्रीवाल एवं गेट से सुरक्षित किया गया है और यहां लंबे समय से समुदाय के मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाता रहा है। पुराने मृतकों के संबंध में रिकॉर्ड भी संस्था के पास उपलब्ध होने की बात आवेदन में कही गई है।

प्रशासन से हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग…
रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, किसी भी प्रकार की विवादित या अवैधानिक कार्रवाई पर रोक लगाने तथा कब्रिस्तान से जुड़े अधिकारों एवं दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में किसी भी प्रकार का तनाव न बढ़े, इसके लिए प्रशासन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया है।
यह आवेदन 25 सितंबर 2026 को रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय की ओर से कब्रिस्तान निगरानी समिति के अध्यक्ष भानु खलखो द्वारा प्रस्तुत किया गया। आवेदन की प्रतिलिपि सरगुजा संभाग के आयुक्त एवं सरगुजा पुलिस अधीक्षक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने का उल्लेख है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर