सरगुजा। जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरी के ग्रामीणों ने गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की दिशा में बड़ा सामाजिक फैसला लिया है। ग्रामीणों ने ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर गांव में शराब बनाने, पीने और बाहर से शराब पीकर गांव में प्रवेश करने पर अर्थदंड लगाने का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार 20 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से शराबबंदी का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद करीब 10 दिनों तक सरपंच एवं स्थानीय वार्ड पंचों की मदद से गांव के प्रत्येक घर में जाकर ग्रामीणों को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से शराब छोड़ने और गांव को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई।
रैली निकालकर ग्रामीणों को किया आगाह
शराबबंदी के फैसले को लेकर आज ग्राम पंचायत केवरी के सरपंच की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव में रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शराब न बनाने, न पीने और गांव में शराब का सेवन कर प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई। ग्रामीणों ने स्पष्ट संदेश दिया कि ग्राम सभा के निर्णय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।
शराब बनाने और पीने पर लगेगा अर्थदंड
ग्रामीणों द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक गांव में शराब बनाने या पीने तथा बाहर से शराब पीकर गांव में प्रवेश करने वालों पर ₹3,000 से ₹5,000 तक का अर्थदंड लगाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गांव के सामाजिक हित और नशामुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
बार-बार उल्लंघन पर सामाजिक बहिष्कार का फैसला
ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया है कि यदि गांव का कोई परिवार बार-बार समझाइश के बावजूद शराब का सेवन करने से बाज नहीं आता है, तो उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का मानना है कि शराब की वजह से परिवारों में आर्थिक परेशानी, घरेलू विवाद और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। इसलिए सामूहिक प्रयास से गांव को नशामुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों के फैसले की जिले में हो रही प्रशंसा
ग्राम पंचायत केवरी के ग्रामीणों की इस सामूहिक पहल की अब जिलेभर में चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समाज एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान चलाए तो गांवों में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। केवरी के ग्रामीणों ने अपने निर्णय के माध्यम से नशामुक्त गांव की दिशा में एक मिसाल पेश करने का प्रयास किया है।
लेटेस्ट न्यूज़
NH-130 के किनारे नाली में मिला 4.76 किलो गांजा पुलिस जप्त कर कारवाई में जुटी
August 28, 2026
9:22 pm
14 वर्षीय नाबालिग की मौत पर उठे गंभीर सवाल
August 24, 2026
9:05 pm
सरपंच की बाइक को अज्ञात चोरों ने किया पार
August 11, 2026
9:23 pm
खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली से एक महिला की मौत,परिवार में पसरा मातम
August 4, 2026
8:19 pm



