बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर पौधारोपण कार्य के दौरान हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में महिला सुपरवाइजर की मौत के मामले में रतनपुर पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। भरवीडीह निवासी प्रदीप कोशले ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी भाई-बहू महिमा कोशले नेशनल हाईवे पर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थीं। घटना के दिन ओछिनापारा रतनपुर ओवरब्रिज के पास डिवाइडर में पौधारोपण का कार्य चल रहा था, जिसकी निगरानी महिमा कोशले कर रही थीं।इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे बिलासपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक BR 03 GC 9045 के चालक शिवकुमार साव (32 वर्ष), निवासी गढ़वा, झारखंड ने कार्य स्थल पर काम चलने की जानकारी होने के बावजूद तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महिमा कोशले को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेलर उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में रतनपुर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, आरक्षक पवन ठाकुर एवं धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




