अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बस्तर दौरे पर तीखा तंज कसा है. सिंहदेव ने प्रधानमंत्री को “इवेंट मैनेजमेंट एक्सपर्ट” बताते हुए कहा कि वे एक और कार्यक्रम आयोजित कर फोटो खिंचा कर आए. उन्होंने प्रधानमंत्री के कुछ बयानों को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं.
सिंहदेव अंबिकापुर स्थित छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे थे. वहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “हमारे प्रधानमंत्री जी इवेंट मैनेजमेंट के एक्सपर्ट हैं. बाकी चीजों में क्या विशेषज्ञता है, यह मैं अभी नहीं कहना चाहता.” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ पहुंच गए, जहां नक्सलवाद समाप्त हो चुका है, लेकिन उनके लिए अभी समाप्त नहीं हुआ है. उनके दिमाग में मानसिक नक्सली का प्रचार करने का माद्दा अभी थमा नहीं है.
सिंहदेव ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री हैं, नरेंद्र मोदी नहीं. संवैधानिक जवाबदेही के हिसाब से उन्हें बात करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आएं तो हमें भी खुशी होगी, लेकिन वे क्या बोल रहे हैं और कैसे बोल रहे हैं, यह महत्वपूर्ण है. सिंहदेव ने यह भी कहे,
प्रधानमंत्री के बस्तर में दिए गए बयानों पर राहुल गांधी ने भी सवाल उठाए हैं. दीपावली पर बस्तर में जवानों के साथ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि हथियारबंद नक्सली जंगलों से गायब हो गए हैं, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ अभी कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर चुके हैं. इस बयान पर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दी थी.
दीपावली पर बस्तर में जवानों के साथ कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे थे और करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस में सीआरपीएफ के जवानों के साथ त्योहार मनाया था. इस दौरान उन्होंने जवानों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा था कि यह पहली दीपावली है जब देश नक्सलवाद के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है. उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे का दावा करते हुए ‘दिमागी नक्सली’ की चुनौती का जिक्र किया था.
टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री के इस दौरे को महज एक इवेंट बताते हुए कहा कि उन्होंने एक और कार्यक्रम आयोजित कराया और फोटो खिंचवाई. उन्होंने प्रधानमंत्री की वेशभूषा का भी जिक्र किया और उनके कुछ कमेंट्स को आपत्तिजनक बताया. सिंहदेव ने दोहराया कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री का आना अच्छी बात है, लेकिन संवैधानिक पद की गरिमा के अनुरूप बयान दिए जाने चाहिए.



