Explore

Search

September 2, 2026 11:00 am

लेटेस्ट न्यूज़

18 साल की उपलब्धियों के साथ सैनिक स्कूल अंबिकापुर ने मनाया स्थापना दिवस

अंबिकापुर, सैनिक स्कूल अंबिकापुर ने मंगलवार को अपना 18वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया। समारोह में विद्यालय की 18 वर्षों की उपलब्धियों को याद करने के साथ कैडेटों की शैक्षणिक, खेलकूद और रचनात्मक प्रतिभा की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन पर कैडेटों द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की 18 वर्षों की यात्रा का उत्सव मनाते हुए अतिथियों ने केक काटा।

वार्षिक रिपोर्ट में सामने आई विद्यालय की उपलब्धियां

विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, खेलकूद गतिविधियों, सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों और कैडेटों द्वारा हासिल की गई विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह के दौरान कैडेटों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, स्वागत गीत, देशभक्ति समूहगान, मूक अभिनय और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विद्यालय पत्रिका का विमोचन, कैडेटों के ‘संस्कृत ऐप’ ने खींचा ध्यान

मुख्य अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल ने सत्र 2025-26 की विद्यालय पत्रिका का विमोचन किया। इसके साथ ही संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा तैयार किए गए ‘संस्कृत ऐप’ का भी अतिथियों ने अवलोकन किया। ऐप के निर्माण और उसकी उपयोगिता की अतिथियों ने प्रशंसा की।

प्रतिभावान कैडेटों और उत्कृष्ट हाउस को पुरस्कार

स्थापना दिवस समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हाउस को भी ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। खेलकूद में भी इन दोनों हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं शैक्षणिक क्षेत्र में अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस का पुरस्कार मिला।

विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ और जनरल कर्मचारियों को भी उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्य और विद्यालय के विकास में योगदान के लिए कमेंडेशन प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मंत्री ने कैडेटों से कहा—अनुशासन और मेहनत से तय करें सफलता की राह

मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए सैनिक स्कूल अंबिकापुर की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, मेहनत और समर्पण सफलता की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

उन्होंने कैडेटों से अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा निरंतर परिश्रम और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेटों से इन मूल्यों को आत्मसात कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ स्थापना दिवस समारोह का समापन हुआ।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर