Explore

Search

July 21, 2026 10:21 pm

लेटेस्ट न्यूज़

₹9 लाख की बेशकीमती इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, अमानत में खयानत व चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

कोरबा. कोरबा पुलिस ने बेशकीमती इमारती लकड़ी के अमानत में खयानत, अवैध परिवहन एवं चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के समीप राजस्व क्षेत्र में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत रूप से परिवहन किए जाने की जानकारी मिलने पर अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों के विश्लेषण और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस को लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाने के महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त क्रेन बरामद की गई।
मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है, अवैध परिवहन में किन-किन लोगों की भूमिका रही और क्या इस पूरे मामले में किसी संगठित नेटवर्क की संलिप्तता है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित तरीके से जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि शासकीय अथवा वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या कोरबा पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर