सरगुजा/लखनपुर। शराबबंदी को लेकर सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत केवरी ने सख्त रुख अपनाया है। गांव में 1 सितंबर 2026 से लागू पूर्ण शराबबंदी के बाद बाहर से शराब का सेवन कर गांव पहुंचने वाले 16 लोगों के खिलाफ पंचायत ने कार्रवाई की है। पंचायत ने इन लोगों पर आर्थिक जुर्माना लगाते हुए कुल 45 हजार रुपये की वसूली की है।
ग्राम सरपंच मैनेजर राम के अनुसार, ग्राम पंचायत केवरी में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय ग्रामीणों की सहमति और महिलाओं के समर्थन के बाद लिया गया था। शराब के सेवन से होने वाले विवाद, घरेलू कलह और अन्य सामाजिक समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों ने गांव में शराब के सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला किया।
शराबबंदी लागू होने के बाद पंचायत द्वारा गांव में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान बाहर से शराब पीकर गांव पहुंचे 16 लोगों पर पंचायत ने कार्रवाई की। इनमें 14 लोगों पर तीन-तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो अन्य लोगों से 1500-1500 रुपये आर्थिक दंड वसूला गया। इस तरह पंचायत द्वारा कुल 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
महिलाओं ने किया शराबबंदी के फैसले का समर्थन
ग्राम पंचायत के इस कदम के बाद गांव में शराबबंदी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पंचायत का कहना है कि शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आगे भी निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने भी शराबबंदी के फैसले का समर्थन करते हुए इसे गांव के सामाजिक माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है।



