Explore

Search

February 4, 2026 10:10 am

लेटेस्ट न्यूज़

बलरामपुर कलेक्टर के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना,धान खरीदी केंद्रों में हमाली-तौलाई-छल्ली के नाम पर अवैध वसूली जारी

रिपोर्टर,,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,,, बलरामपुर

राजपुर – विकासखंड राजपुर अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों में किसानों से अवैध वसूली का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजपुर, जिगड़ी, सेवारी, बारियों, आरा, धंधापुर, गोपालपुर एवं तोनी स्थित धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने आए किसानों से हमाली, तौलाई व छल्ली के नाम पर समितियों द्वारा लगातार अवैध वसूली की जा रही है।

गौरतलब है कि बलरामपुर कलेक्टर द्वारा बीते 26 नवंबर को जिले के सभी समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि धान बेचने आए किसानों से केवल उनके द्वारा लाए गए वाहनों से धान उतरवाने का शुल्क लिया जाएगा। शेष कार्य जैसे धान की तौलाई, बोरा भराई एवं स्ट्रेंकिंग का कार्य समितियों द्वारा अनुबंधित हमालों से कराया जाएगा। हालांकि समिति के अनुबंधित हमालों से कार्य कराने का यह निर्देश सिर्फ कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है। जमीनी हकीकत यह है कि किसानों से हर स्तर पर अवैध राशि की मांग की जा रही है, जिससे किसान मजबूरी में भुगतान करने को विवश हैं। इसी क्रम में तहसील कार्यालय के समीप स्थित धान खरीदी केंद्र राजपुर का निरीक्षण करने पहुँची राजपुर तहसीलदार कावेरी मुखर्जी के समक्ष किसानों ने हमाली शुल्क वसूली का मुद्दा उठाया। किसानों की शिकायत पर तहसीलदार ने धान खरीदी केंद्र के कर्मचारियों से हमाली पंजी निरीक्षण हेतु प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन धान खरीदी प्रभारी एवं समिति के कर्मचारी हमाली पंजी उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर उसे दिखाने में असमर्थ नजर आए। इसके बावजूद तहसीलदार कावेरी मुखर्जी ने किसानों की हमाली संबंधी शिकायत को टालते हुए पुनः आने की बात कही और बिना किसी ठोस कार्रवाई के निरीक्षण समाप्त कर दिया। इससे किसानों में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है।

किसानों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के चलते समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं। अब सवाल यह है कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदारों पर कब कार्रवाई होगी और किसानों को इस अवैध वसूली से कब निजात मिलेगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर