Explore

Search

September 24, 2026 3:37 am

लेटेस्ट न्यूज़

गैस एजेंसी के गोदाम में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा,गोदाम हुई सील

सरगुजा। कलेक्टर सरगुजा को मिली शिकायतों के बाद बुधवार को गठित जांच टीम ने उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम में जांच की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद टीम ने गैस गोदाम को सील कर दिया। अधिकारियों ने मौके से कई सामग्री जब्त कर पंचनामा तैयार किया, वहीं उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर उनके बयान भी दर्ज किए गए हैं।

खाली सिलेंडरों के बीच मिले 42 भरे सिलेंडर

जांच के दौरान गोदाम में 214 खाली सिलेंडरों के बीच 42 भरे हुए सिलेंडर रखे मिले। इन सभी भरे सिलेंडरों की सील टूटी हुई पाई गई। टीम द्वारा सिलेंडरों का वजन कराने पर इनमें से करीब 11 सिलेंडरों में 5 से 10 किलोग्राम तक गैस कम पाई गई।

जांच टीम को एजेंसी के उपलब्ध स्टॉक और मौके पर मिले सिलेंडरों की संख्या में भी अंतर मिला है। स्टॉक के इस अंतर को भी जांच में शामिल किया गया है।

भारत गैस के गोदाम में मिले इंडेन के सिलेंडर

जांच के दौरान भारत गैस एजेंसी के गोदाम में इंडेन कंपनी के 32 खाली सिलेंडर भी मिले। दूसरी कंपनी के सिलेंडर एजेंसी के गोदाम में किस परिस्थिति में रखे गए थे, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।

टीम ने जांच के दौरान सिलेंडरों के ढक्कन, रेपर सहित अन्य संबंधित सामग्री को साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।

उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी लिया गया संज्ञान

जांच के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ विभिन्न शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतकर्ताओं ने कथित तौर पर गाली-गलौज, दुर्व्यवहार, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप लगाए। शिकायतकर्ताओं के अनुसार कुछ मामलों में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिलेंडर नंबर का मिलान नहीं होने का हवाला देकर दोबारा रिफिल देने से इनकार किया जाता था। इसके अलावा गैस उपलब्ध कराने के नाम पर कथित रूप से अतिरिक्त राशि मांगने की शिकायतें भी सामने आईं।

कुछ शिकायतकर्ताओं ने सिलेंडरों को कथित तौर पर 2,000 से 3,000 रुपये तक में ब्लैक में बेचने, KYC के नाम पर डिलीवरी OTP लेने के बाद गैस उपलब्ध नहीं कराने, घर पहुंच सेवा नहीं देने तथा रिफिल के दौरान अतिरिक्त राशि वसूलने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में बनाया गया पंचनामा

जांच के दौरान झिरमिटी ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, गैस उपभोक्ताओं और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में मौके का पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद सूरज भारत गैस एजेंसी के गैस गोदाम को सील कर दिया गया।

इसके बाद ग्राम पंचायत भवन उदयपुर में उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके बयान दर्ज किए गए। एजेंसी संचालक द्वारा अन्य स्थानों पर भी गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना मिलने पर उन स्थानों की जांच के लिए टीम को रवाना किया गया।

ये शिकायतकर्ता रहे मौजूद

जांच के दौरान गौतम सोनी, पंकज अग्रहरि, योगेश साहू, राहुल अग्रहरि, विशाल अग्रहरि, चंदन एक्का (झिरमिटी सरपंच), ऋषिकेश सोनी, गोविंदा साहू, सतीश सोनी, भागवत सिंह, प्रदीप मरकाम (सरपंच रामनगर), मानसाय राजवाड़े, सूरज यादव, अभिषेक सिंह, रानी यादव, बंटी सोनी और बिन्नी सोनी सहित अन्य शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

जांच टीम में ये अधिकारी शामिल

जांच टीम में चित्रकांत ध्रुव, सहायक खाद्य अधिकारी अंबिकापुर, खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह, राजन कश्यप, नवीन सिंह, अनिमा भगत सहित दो अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

फिलहाल जांच जारी है। जब्त सामग्री, स्टॉक मिलान, सिलेंडरों के वजन और उपभोक्ताओं के दर्ज बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर