Explore

Search

September 4, 2026 8:24 pm

लेटेस्ट न्यूज़

अंबिकापुर में बिजली विभाग की लापरवाही ने छीनी मासूम की जिंदगी, टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बच्चे की मौत

अंबिकापुर. राखी के त्योहार पर जहां परिवार खुशियां मनाने की तैयारी में था, वहीं बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. नमनाकला क्षेत्र में कार्मेल स्कूल के पास टूटकर लटक रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल के समीप बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार टूटकर नीचे लटक रहा था. इसी दौरान एक बच्चा साइकिल चलाते हुए वहां से गुजर रहा था और अचानक टूटे हुए तार की चपेट में आ गया. करंट की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया.

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं.

शहर में जगह-जगह लटक रहे बिजली के तार, फिर भी जिम्मेदार बेखबर..?

इस हादसे ने अंबिकापुर शहर में बिजली व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में बिजली के तार टूटे हुए या नीचे लटके नजर आते हैं. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.

लोगों का सवाल है कि यदि समय रहते टूटे हुए हाईटेंशन तार की मरम्मत कर दी जाती और उसे सुरक्षित किया जाता, तो क्या इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी..?

हादसे के बाद अब बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं. लोगों ने मांग की है कि शहर में लटक रहे और जर्जर बिजली तारों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर