Explore

Search

April 19, 2026 10:52 am

लेटेस्ट न्यूज़

भाजपा साम्प्रदायिक राजनीति कर रही, पण्डो जनजाति को न्याय नहीं दिला रही – बालकृष्ण पाठक

अंबिकापुर. सरगुजा जिले अन्तर्गत लखनपुर क्षेत्र के ग्राम राजाकटेल गांव में संरक्षित पण्डो जनजाति के कृषि भूमि के कब्जे को लेकर आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह के नेतृत्व में गठित 8 सदस्यीय दल ने ग्राम का दौरा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली है। राजाकटेल में विशेष संरक्षित पण्डो जनजाति की कृषी भूमि पर बाहरी लोगों के द्वारा कब्जा कर उन्हें बेदखल किये जाने की जानकारी सामने आ रही थी। गांव की जनसंख्या संरचना को देखते हुए एक दल विशेष जो कि साम्प्रदायिक माहौल तैयार करने में बेहद कुशल है पण्डो जनजातियों के हित में कार्य करने के बजाय इस क्षेत्र में सामाजिक विभाजन में सक्रीय थी एवं तथ्यों को तोड-मरोड कर विभाजनकारी राजनीति कर रही थी। तब इस जनजाति के लोगों की मांग पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी0एस0 सिंहदेव के निर्देश पर जिला कांग्रेस के द्वारा गठित दल ने गांव का दौरा कर वस्तुस्थिति को जाना है। गांव का दौरा करने के बाद जांच हेतु गठित दल में शामिल कांग्रेस महामंत्री एवं अधिवक्ता हेमंत तिवारी ने यह जानकारी दी कि 80 के दशक में इस गांव के पण्डों जनजाति को सिंहदेव योजना के अन्तर्गत भू-अधिकार तो दिये गये, लेकिन इससे संबंधित दस्तावेज आजतक नहीं दिये गये। आज तक गांव में भूमि का न तो सीमांकन हुआ है न ही कब्जे से संबंधित नक्शों को काटा गया है, न ही इस जनजाति के भू-स्वामियों को भू-अधिकार से संबंधित दस्तावेज ही उपलब्ध कराये गये हैं। इससे भूमि के मालिकाना हक की पहचान स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में यह बात सामने आयी है कि पण्डो जनजाति के जमीनो के साथ ही गांव की अन्य शासकीय जमीन पर भी कब्जा हुआ है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने बताया कि विवाद उभरने के बाद प्रशासन के द्वारा गठित जांचदल ने भी मौके पर कोई पुख्ता कारवाई नहीं की है, न तो नापजोख किया है न ही सीमांकन किया है इससे कांग्रेस के गठित दल की अध्यक्षा मधु सिंह ने इस जनजाति के प्रभावितों से हुई चर्चा के हवाले से यह जानकारी दी कि भाजपा पण्डो जनजाति के जमीन के कब्जे को सामप्रदायिक रंग देकर अपनी राजनीति तो कर रही है लेकिन शासन सत्ता के बावजूद संरक्षित पण्डो जनजाति को राहत दिलाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। इसी बात से निराश होकर इस जनजातिय समुदाय ने न्याय की आश में हमसे संपर्क किया है। बहरहाल इस मामले में जांच दल 2 दिनो के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप देगा। इस कार्यवाही के दौरान जांचदल के सदस्य के रुप में लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंहदेव, उदयपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोनिका पैकरा, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष संध्या रवानी एवं जगरोपन यादव भी मौजूद थे। गांव में कैम्प लगाकर समयसीमा में समस्या निवारण की मांग करेंगे-बालकृष्ण पाठक

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा है कि अति संरक्षित पण्डो जनजाति के जमीन सहित शासकीय जमीन पर कब्जे का मामला बेहद गंभीर है। दोषियों की पहचान कर उन्हें बेदखल कर पण्डो जनजाति के प्रभावितों को उनके जमीन का हक दिलाने की आवश्यकता है। लेकिन सत्ता में मौजूद भाजपा कार्यवाही करने के बजाय सामप्रदायिक राजनीति में व्यस्त है। भाजपा पूर्व उपमुख्यमंत्री टी0एस0 सिंहदेव जो कि पण्डो समाज के भू-अधिकार के हित में कार्य कर रहे हैं के बयानो को तोड-मरोडकर और उनका पुतला दहन कर इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रही है। उसे पण्डो समाज के हित से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर सरगुजा से मिलकर यह मांग करेगा कि प्रशासन समयसीमा निर्धारित कर ग्राम राजाकटेल में कैम्प लगाकर भूमि की नापजोख और सीमांकन कर प्रभावित पण्डो जनजाति के परिवारों को उनकी भूमि का कब्जा वापस दिलाये।

अगर प्रशासन इस दिशा में विफल रहता है तो कांग्रेस वृहद आंदोलन करेगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर