अम्बिकापुर. भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं प्रखर राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर जिला भाजपा कार्यालय में संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य विषय वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक हेमंत नाग तथा वक्ता के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आभार वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने संबोधित किया।
सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्य वक्ता हेमंत नाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और वैचारिक स्पष्टता का अद्भुत उदाहरण है। अत्यंत साधारण पारिवारिक परिस्थितियों से उठकर उन्होंने भारतीय जनसंघ को वैचारिक आधार प्रदान किया। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ के माध्यम से भारतीय संस्कृति पर आधारित समग्र विकास का मार्ग दिखाया, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को एक जीवंत इकाई के रूप में देखा गया है।
हेमंत नाग ने कहा कि पंडित जी का मानना था कि विकास का केंद्र अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति होना चाहिए। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार आज भी शासन और समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर राष्ट्रहित में कार्य करें।
सम्मेलन में ललन प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता हमारे प्रेरणास्रोत श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय का तपस्यापूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए आजीवन समर्पित रहा। राष्ट्र के पुनर्निर्माण की उनकी विचारधारा सदियों तक प्रेरणा देती रहेगी।
आगे उन्होंने कहा कि पंडित जी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम माना। उन्होंने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को जन-जन तक पहुंचाया और संगठन शक्ति को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और सेवा, समर्पण एवं सुशासन के संकल्प को सशक्त करें।
इस अवसर पर आभार वक्ता भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हमारा दायित्व है कि हम उनके विचारों को केवल स्मरण न करें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कार्यशैली में उतारें। अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
उल्लेखनीय है कि सम्मेलन के पूर्व जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने दीनदयाल चौक पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संकल्प भवन में कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने संयुक्त रूप से किया ।
इन अवसरों में सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संकल्प सम्मेलन कार्यक्रम के संयोजक विकास पांडेय, मधुसूदन शुक्ला , करताराम गुप्ता ,
मधु चौदहा, अनिल जायसवाल, विकास वर्मा, मनोज गुप्ता, अजय सिंह बबलू , कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी , प्रिया सिंह, निशांत सिंह शोलू, रविकांत उरांव, संजीव वर्मा , जातीन परमार, अभिषेक सिंह देव , निरंजन राय, अंशुल श्रीवास्तव, विकास शुक्ला, मनोज सोनी , छोटू थॉमस , शैलेंद्र शर्मा , प्रियंका चौबे, सीमा कश्यप , रमन रवजोत सिंह, रवि विश्वकर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।



