Explore

Search

February 4, 2026 6:43 am

लेटेस्ट न्यूज़

आदिवासी की भूमि में फर्जीवाड़ा, ग्रामीणों का आरोप तत्कालीन तहसीलदार एवं पटवारी ने किया है फर्जीवाड़ा

रिपोर्टर,,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,,, बलरामपुर 

राजपुर/अनुसूचित जनजाति की भूमि से जुड़े एक गंभीर राजस्व फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कोदौरा के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने तत्कालीन तहसीलदार एवं तत्कालीन हल्का पटवारी की मिलीभगत से राजस्व अभिलेखों में अवैध रूप से अपने नाम दर्ज करा लिया है।

आवेदन के अनुसार ग्राम कोदौरा निवासी रामसुरत कोड़ाकू की पारिवारिक भूमि खसरा नंबर 394/2 एवं 394/12 को आर्थिक तंगी के चलते लगभग 15 वर्ष पूर्व खेती के उद्देश्य से अजय गुप्ता को अस्थायी रूप से दिया गया था। आरोप है कि अब अजय गुप्ता द्वारा उक्त भूमि पर मकान निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया गया है। भूमि वापस मांगने पर मारपीट और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। यह भूमि अनुसूचित जनजाति के भू-स्वामित्व की बताई जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि खसरा नंबर 394/11 (रकबा 0.995 हेक्टेयर) को तत्कालीन तहसीलदार सालिक राम गुप्ता एवं तत्कालीन हल्का पटवारी अजेन्द्र टोप्पो की मिलीभगत से अजय गुप्ता के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया गया। इसी तरह धर्मेन्द्र गुप्ता द्वारा कोड़ाकू समाज के रामखेलावन की भूमि तथा सरिता देवी द्वारा बाबूलाल कोड़ाकू की भूमि को सह-खातेदार के रूप में अपने नाम दर्ज कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि अजय गुप्ता, धर्मेन्द्र गुप्ता, सरिता देवी एवं अन्य आरोपियों द्वारा लगातार उन्हें धमकाया जा रहा है, जिससे पूरा गांव भय और तनाव में जीने को मजबूर है।

आवेदकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, राजस्व अभिलेखों में की गई कथित छेड़छाड़ की जांच कर वास्तविक भू-स्वामियों के नाम पुनः दर्ज किए जाएं तथा भूमि तत्काल वापस दिलाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वे चक्का जाम करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

तत्कालीन तहसीलदार सालिक राम गुप्ता ने कहा कि इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है एसडीएम सर के द्वारा जो भी मामला होगा जांच करेंगे।

इस संबंध में राजपुर अनुविभागीय अधिकारी देवेंद्र प्रधान ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर