Explore

Search

February 4, 2026 9:57 am

लेटेस्ट न्यूज़

मतदाता सूची से नाम कटवाने की साजिश का कांग्रेस का गंभीर आरोप,फॉर्म-7 का कथित दुरुपयोग, वैध मतदाताओं को मृत बताकर हटाने की कोशिश

अम्बिकापुर. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 का दुरुपयोग करके कांग्रेस के परंपरागत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की सुनियोजित साजिश का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी ने इसे लोकतंत्र और मतदाताओं के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया है तथा चेतावनी दी है कि वैध मतदाताओं के नाम काटने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के उदयपुर तहसील अंतर्गत ग्राम डाँड़गांव में करीब 70 लोगों के नाम गलत तरीके से फॉर्म-7 दाखिल करके मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि जीवित व्यक्तियों को मृत बताकर तथा गांव में निवासरत लोगों को बाहर चले गए दर्शाकर उनके नाम कटवाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इससे पहले उदारी, बकना और राजा कटेल जैसे अन्य इलाकों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं। पार्टी ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि चुनाव संबंधी नियमों के तहत ऐसे झूठे दावों और आपत्तियों के लिए सख्त कानूनी सजा का प्रावधान है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखे जाएं तथा झूठी शिकायतें दाखिल करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा ‘बंटी’, लीगल सेल अध्यक्ष हेमंत तिवारी और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल थे।

कांग्रेस का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया का दुरुपयोग करके विपक्षी मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने वाली साजिश है। पार्टी ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर