अंबिकापुर. नेशनल हाईवे-43 अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार हाईवा (ट्रक) ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा लुच्चकी घाट के पास पेट्रोल पंप के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों को हाईवा ने कुचल दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की डायल-112 टीम को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की शिनाख्त अभी तक पूरी नहीं हुई है, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग और घटना की तस्वीरें देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
यह हादसा NH-43 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों की श्रृंखला में एक और उदाहरण है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। पुलिस ने हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है।



