रिपोर्टर,,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,, बलरामपुर
बलरामपुर — ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और तकनीकी आधारित विकास मॉडल को समझने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों का दल गुजरात राज्य के लिए अध्ययन भ्रमण पर रवाना हुआ है।
पांच दिवसीय यह अध्ययन भ्रमण 30 जनवरी से 03 फरवरी तक प्रस्तावित है। भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल गुजरात में ग्रामीण विकास योजनाओं, आधुनिक तकनीकी नवाचारों तथा कृषि क्षेत्र में GIS (भौगोलिक सूचना प्रणाली) के उपयोग का अध्ययन करेगा। इस दौरान दल द्वारा BISAG (भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान), अमूल दुग्ध डेयरी, बायोगैस संयंत्र एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों का अवलोकन किया जाएगा।
अध्ययन भ्रमण दल में जनपद पंचायत राजपुर से अध्यक्ष विनय भगत एवं उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, जनपद पंचायत शंकरगढ़ से अध्यक्ष चिंतामणि भगत, जनपद पंचायत वाड्रफनगर से अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते एवं उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, तथा जनपद पंचायत कुसमी से उपाध्यक्ष अशोक सोनी शामिल हैं।
यह अध्ययन भ्रमण जिले में सतत एवं नवाचारी ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



