Explore

Search

February 4, 2026 8:28 am

लेटेस्ट न्यूज़

अम्बिकापुर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप ; सुरक्षा व्यवस्था सख्त

अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित जिला न्यायालय में आज एक गंभीर घटना सामने आई है। न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर एक अज्ञात व्यक्ति से बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल सुबह प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में विस्फोट का समय और तरीका भी उल्लेखित था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। धमकी की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।

जिला न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वाले सभी लोगों की गहन जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है, जो परिसर के हर कोने की सघन तलाशी ले रहा है। न्यायालय के मुख्य भवन, चैंबर, पार्किंग क्षेत्र, कैंटीन, वेटिंग रूम और आसपास के इलाकों में छानबीन जारी है।

एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है और कुछ समय के लिए न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। वकील, कर्मचारी और आमजन को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। फिलहाल तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है और साइबर विशेषज्ञों की टीम भी लगाई गई है। ऐसे धमकियां हाल के दिनों में कई जिलों के न्यायालयों में मिली हैं, जिनमें अधिकांश फर्जी साबित हुईं, लेकिन हर बार सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जाती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय का सामान्य कार्य बहाल होने की उम्मीद है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अतिरिक्त सतर्क रहेगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर