अंबिकापुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त संभाग मुख्यालयों में संभागस्तरीय नव मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा संभाग द्वारा अंबिकापुर स्थित भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में “मेरा पहला वोट, देश के लिए” थीम पर आधारित नव मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य नव मतदाताओं को उनके मताधिकार के महत्व से अवगत कराना, उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो सरगुजा जिला अध्यक्ष निशांत सिंह शोलू ने नव मतदाताओं से शीघ्र मतदाता पंजीकरण कराने का आग्रह किया एवं सभी युवा साथियों से अधिक से अधिक नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही और अधिक सशक्त बन सकता है। नव मतदाता अपने पहले मतदान के माध्यम से न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रवेश करते हैं, बल्कि देश की नीति, दिशा और भविष्य निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा महामाया मंडल महामंत्री संजीव वर्मा, प्रदेश मंत्री प्रिया सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष सिंह, अमोघ कश्यप एवं अभिनंदन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन वीर सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन युवा पार्षद दीपक यादव ने किया।
इस नव मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा साथी एवं नव मतदाता उपस्थित रहे।



