Explore

Search

February 4, 2026 8:27 am

लेटेस्ट न्यूज़

अंबिकापुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो ने अपनी मौत की स्थिति में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक राम कुमार टोप्पो को ठहराया जिम्मेदार

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो ने एक 12 मिनट लंबा वीडियो जारी कर सनसनीखेज बयान दिया है। वीडियो में उन्होंने अपनी हालिया गिरफ्तारी की पूरी कहानी बताते हुए कहा कि अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है या उनकी मौत होती है, तो इसके लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो जिम्मेदार होंगे।

आकांक्षा ने वीडियो में दावा किया कि उन्हें अंदर से डर लग रहा है और उनके साथ सड़क हादसे या किसी अन्य तरीके से हत्या कराई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “मेरा जुबान गंदे लोगों के लिए नहीं सुधरेगा, मैं फिर से मैदान में उतरूंगी।”
गिरफ्तारी की पूरी कहानी
आकांक्षा टोप्पो को 26 दिसंबर को सीतापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक राम कुमार टोप्पो के खिलाफ आपत्तिजनक, अभद्र और मर्यादाहीन टिप्पणियां की थीं। यह टिप्पणियां शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाकर आंगनबाड़ी भवन निर्माण से जुड़े मुद्दे पर आधारित थीं।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर को आकांक्षा द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री और विधायक की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में कहा गया कि इन टिप्पणियों से जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंची और समाज में भ्रम फैलाया गया।
इस आधार पर सीतापुर थाने में अपराध क्रमांक 471/25 दर्ज किया गया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत मामला पंजीबद्ध हुआ। पुलिस ने आकांक्षा को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुचलके पर रिहा कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो इससे पहले भी सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्ट और वीडियो डालने के कारण चर्चा में रह चुकी हैं। उन पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप लगे हैं और विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि वे पत्रकार नहीं होने के बावजूद खुद को पत्रकार की तरह प्रस्तुत कर सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रही थीं।
इस मामले पर अभी तक मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े या विधायक राम कुमार टोप्पो की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने शिकायत दर्ज कराते समय इसे जनप्रतिनिधियों की गरिमा पर हमला बताया था।
आकांक्षा के नए वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और यह तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर