अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में आर्यन होटल के मैनेजर, एक कर्मचारी और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, होटल प्रबंधन की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
मामला 10 नवंबर 2025 का है, जब मुखबिर से सूचना मिली कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में अवैध रूप से वेश्यावृत्ति कराई जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद महिला थाना अम्बिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 के तहत अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान सबसे पहले एक महिला आरोपी को आकाशवाणी चौक के निकट एक मकान से गिरफ्तार किया गया और सबूत मिलने पर उसे 10 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आगे की जांच में पता चला कि गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार (40 वर्ष, निवासी मयापुर) और उसका साथी हेमंत दास (33 वर्ष, निवासी तेलसखरिया, थाना दरिमा) इस रैकेट में सहयोगी थे। महिला ग्राहक ढूंढती थी, जबकि हेमंत लड़कियों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था।
पुलिस ने 13 दिसंबर 2025 को सुनील कुमार और हेमंत दास के साथ एक अन्य महिला को तथा 14 दिसंबर को एक और महिला को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
ताजा कार्रवाई में 19 दिसंबर को प्राप्त सूचना और सबूतों के आधार पर अम्बिकापुर अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल के मैनेजर मौजी लाल जायसवाल (53 वर्ष, मूल निवासी पटेहरा सिरमौर, थाना अथरैला, जिला रीवा, मध्य प्रदेश) और कर्मचारी एकलव्य पैकरा (22 वर्ष, निवासी जिगनिया, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर) से पूछताछ की गई। जांच में उनकी संलिप्तता पाए जाने पर एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया और सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है और रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई महिला थाना अम्बिकापुर की टीम द्वारा की गई।



