अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के पर्यटन,संस्कृति ,धार्मिक नयास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के निवास लखनपुर में मुलाक़ात की। इस दौरान हाल ही में जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में JE से AE प्रमोशन कोटा को 70% से घटाकर 40% किए जाने के निर्णय पर चर्चा करना था।
संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष इंजीनियर सुरजीत कुमार गुप्ता ,क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर राजेश जायसवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री को विस्तार से समझाया कि इस कोटा में कटौती से न केवल कार्यरत अनुभवी जूनियर इंजीनियरों का मनोबल प्रभावित हो रहा है, बल्कि इससे छत्तीसगढ़ के स्थानीय युवा इंजीनियरों के रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं। चूंकि JE की भर्ती राज्य स्तर पर होती है और छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी ही JE हेतु पात्र होते हैं और AE की भर्ती अखिल भारतीय स्तर पर होता है, ऐसे में प्रमोशन के रास्ते से स्थानीय इंजीनियरों को आगे बढ़ने का मौका मिलना ज़रूरी है, साथ ही साथ जब जूनियर इंजीनियर्स प्रमोट होंगे ,तभी जूनियर इंजीनियर के पद रिक्त होने पर छत्तीसगढ़ के बेरोजगार डिप्लोमा एवं डिग्री होल्डर इंजीनियर्स को रोजगार मिलेंगे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रमोशन कोटा को पुनः 70% बहाल करने का अनुरोध किया है,और आश्वासन दिया कि वे इस विषय में हर संभव सहयोग करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ के तरफ़ से,प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरजीत कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार जयसवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



