अंबिकापुर. आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी जरीता लैतफलांग ने संगठन सृजन अभियान के तहत आज गुरुवार को सरगुजा संभाग के 6 ज़िलों के संगठन की मैराथन बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में ली। कांग्रेस ने बेलगावी अधिवेशन में वर्ष 2025 में संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया था। इस परिप्रेक्ष्य में पार्टी निरंतर प्रत्येक स्तर पर इस दिशा में चल रहे प्रयासों की समीक्षा कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ ने 31 जुलाई तक मंडलों और उनके कमेटियों के गठन का लक्ष्य रखा था। इसकी समीक्षा के लिये आज संभागीय बैठक हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जरीता लैतफलांग ने कहा कि संगठन सृजन के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा ऊर्जा और तजुर्बे के आपसी तालमेल के माध्यम से राष्ट्र की सेवा है। समीक्षा बैठक में उन्होंने यह हिदायत दी कि मंडल, सेक्टर और बूथ कमेटी के गठन का आधार योग्यता होगी। ऐसी किसी कमेटी के गठन में पक्षपात पाये जाने पर उसे तत्काल भंग कर दिया जायेगा। समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने इस बात की प्रशंसा की कि सरगुजा संभाग में इन कमेटियों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग और महिलाओं को 70 प्रतिशत पद दिये गए हैं। बैठक को संबोधित करते हुए आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा संभाग और यहाँ के सम्मानित नागरिक सदैव से कांग्रेस पार्टी को अपना प्रतिनिधि चुनने में प्राथमिकता देते आये हैं। यह अब भी कायम है। निश्चित तौर पर विगत कार्यकाल में अच्छे कार्यों के बाद भी कुछ विशिष्ट वजहों से हमे हार का सामना करना पड़ा। हार के बावजूद भी हम नागरिकों के प्रति अपने दायित्व से पीछे नहीं हटे हैं।
पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की ऐसी फौज कायम करने का अभियान है जिसके माध्यम से कांग्रेस भाजपा और चुनाव आयोग के गठबंधन से निपटने को तैयार है। सत्र के उद्घाटन भाषण में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि पूरे प्रदेश में सरगुजा एकमात्र ऐसा जिला है जिसने निर्धारित समय अवधि में मंडल अध्यक्ष और उनकी कमेटियों का गठन पार्टी के द्वारा निर्धारित मापदंडों पर किया गया है। उन्होंने यह आश्वस्त किया कि सरगुजा जिला समय सीमा में बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन कर लेगी। इस दौरान पूर्व विधायक अम्बिका सिंहदेव, विनय भगत, विनय जायसवाल, यू डी मिंज, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद, सरगुजा जिले कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता, आदिम जाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, भगवती राजवाड़े, के पी सिंहदेव, प्रदीप गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव सहित संभाग के 6 जिलों के 49 सांगठनिक ब्लॉक के प्रभारी और अध्यक्ष मौजूद थे।
6 जिलों के लिए 7 घंटे की मैराथन बैठक
संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत सरगुजा संभाग के 6 जिलों के लिए 6 जिला प्रभारी और इन जिलों में स्थित 49 सांगठनिक ब्लॉक के 49 ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की थी।एआईसीसी की सचिव सुश्री जरीता लैतफलांग ने आज इन जिला प्रभारियों और ब्लॉक प्रभारियों के साथ ही सभी जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों को बैठक हेतु बुलाया था। प्रारंभिक सामुहिक बैठक के उपरांत उन्होंने जिलावार जिला प्रभारी, ब्लॉक प्रभारी, जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली। बैठकों का दौर 7 घंटे तक चला। इस दौरान समयसीमा में संगठन को पूर्ण आकर देने की हिदायत उन्होंने दी है।





