सरगुजा. अम्बिकापुर शहर की खस्ताहाल सड़कों की सुधार, सड़कों के सुधार के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 23 करोड़ रुपए देने के वायदे पर मुख्यमंत्री को ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने इसे कमजोर और डरपोक सरकार की प्रतिक्रिया बतलाई है. उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने वायदे को न निभाये वो कमजोर होती है और जो सरकार अपनी जनता और उसके सवालों का सामना करने से डरती है वो डरपोक होती है. उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने दिसंबर2024 में शहर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 23 करोड़ की राशि देने का वादा किया था. लेकिन वायदे के 6 माह बीत जाने के बावजूद एक रुपये की राशि भी शहर की सड़कों के लिए उन्होंने नहीं दिया. इस कारण आने वाले मानसून में शहर की सड़कें नरक बन जाएंगी.
करीब 1 सप्ताह पूर्व नगर निगम अम्बिकापुर में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने भी मुख्यमंत्री के इस वायदे की याद दिलाते हुए अपना बयान जारी किया था और इस दिशा में पहल नहीं होने पर मुख्यमंत्री के अम्बिकापुर प्रवास पर विरोध प्रदर्शन की बात कही थी. तब महापौर अम्बिकापुर के यह असत्य दावा किया था कि मुख्यमंत्री के वायदे के अनुसार सड़क निर्माण की राशि प्राप्त हो चुकी है. सच्चाई यह थी कि कांग्रेस शासन काल मे स्टेडियम और निगम के नये प्रशासनिक भवन के लिये जारी 3.33 करोड़ की राशि को सड़क निर्माण की राशि बतला दिया गया था.
मुख्यमंत्री के अम्बिकापुर आगमन की जानकारी होने पर आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कलेक्टर सरगुजा से सम्पर्क कर मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय सुनिश्चित करने हेतु निवेदन किया. प्रशासन की सलाह पर कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, पूर्व महापौर डॉ अजय तिर्की, निगम में उपनेता प्रतिपक्ष निमन राशि एक्का सहित 11 सदस्यीय टीम भी गठित कर इसकी जानकारी प्रशासन को दी. किन्तु मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय सुनिश्चित करने में प्रशासन लगातार टालमटोल करता रहा और जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री के निजी सचिवों तक से संपर्क किया लेकिन मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन जनहित के मुद्दे पर मुलाकात के लिए तैयार नहीं हुए. अंततः जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए कलेक्टोरेट रवाना हुए जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक गिरफ्तार किया और मणिपुर थाना ले गए. पुलिस करीब डेढ़ दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार की जिनमे कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, पूर्व महापौर डॉ अजय तिर्की, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, निगम में उपनेता प्रतिपक्ष निमन राशि एक्का, ब्लॉक अध्यक्ष अम्बिकापुर ग्रामीण विनय शर्मा, मो इस्लाम, शैलेंद्र सिंह, शैलेंद्र सोनी, विकल झा, आशीष जायसवाल, बाबर खान, चंद्रप्रकाश सिंह, जमील खान, हिमांशु जायसवाल, विष्णु सिंहदेव, जीवन यादव, रजनीश सिंह, लोकेश कुमार नीतीश चौरसिया, विकास केशरी, अख्तर चम्मा, अमित सिंह , जे कुजूर, मिला तिर्की, अंकित जायसवाल, ऋसभ जायसवाल आदि थे. गिरफ्तारी की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मणिपुर थाना में जमा होने लगे. अंततः कार्यकर्ताओं के दबाव में पुलिस ने गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं को शाम 4 बजे छोड़ दिया.





